Posted On: 14-October-2022
विवेक बुराईयों से बचाता है। विवेकी पुरुष अपने अवगुणों को यानि क्रोध को क्षमा, मान को विनय, माया को सरलता और लोभ को संतोष गुणों में बदल लेता है। विवेक का अंकुश विकृतियों को उसी प्रकार नियंत्रित कर लेता है जिस प्रकार महावत का अंकुश हाथी को नियंत्रित करता है। विवेक मस्तिष्क की खुजली नहीं दिल की आवाज है। विवेक वक्त की माँग नहीं श्रेष्ठ जीवन का सुहाग है। विवेक मुर्गे की कलगी नहीं प्रभात में दी जाने वाली मुर्गे की बाँग है। जिसमें जागरण और आचरण का संदेश छिपा है। विवेक कोरी पहेली नहीं सम्यक् जीवन की सहेली है। विवेक ही मनुष्य का सच्चा साथी है। जो प्रतिकूलताओं में भी जीने की कला सिखाता है। विवेक बचपन में उंगली, यौवन में पत्नी और बुढ़ापे में लकड़ी का सहारा है। इसलिये मनुष्यों को चाहिये कि जीवन का निर्वाह नहीं अपितु विवेक पूर्वक जीवन का निर्माण करें।
गाड़ी में ब्रेक होना आवश्यक है। जीवन की गाड़ी में विवेक होना आवश्यक है। बिना ब्रेक की गाड़ी कितनी भी अच्छी और कीमती क्यों न हो किन्तु उसे कोई भी समझदार व्यक्ति स्वीकार नहीं कर सकता। इसीप्रकार अगर जीवन की गाड़ी में विवेक न हो, तो वह अवश्य ही विवाद का कारण
हो सकता है। विवेक के दर्पण में चित और चरित्र का दर्शन होता है। विवेक सुख शांति और आनन्द का पथ है। विवेक मन को ईश्वर और तन को मंदिर बना देता है। आज का विवेक ही कल का सौभाग्य है। सत्य की खोज में विवेक की अहम् भूमिका होती है। परिवार में संतुलन विवेक की तुला से ही बनाया जा सकता है। जो विवेक को स्वीकार करता है, परमात्मा भी उसे स्वीकार कर लेता है।
O Youtube/ Jinagam Panth Jain Channel